रुड़की। रुड़की कोतवाली क्षेत्र के बंदा रोड में बच्चों के विवाद के चलते मंगलवार रात दो पक्ष आमने-सामने आ गए और कुछ ही मिनटों में कहासुनी ने पथराव का रूप ले लिया। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

जानकारी के अनुसार, बंदा रोड क्षेत्र में बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। बच्चों ने अपने परिजनों को इस बारे में जानकारी दी, जिसके बाद एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर पहुंचकर बहस करने लगे। विरोध होने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते एक पक्ष ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसके जवाब में दूसरे पक्ष ने भी अपने घरों से पथराव कर दिया, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरा क्षेत्र तनावपूर्ण हो गया।

पथराव की वजह से आसपास के लोग सहम गए और कई लोगों ने अपने घरों में शरण ली। सूचना मिलने पर पुलिस लाठी लेकर मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के लोगों को कड़ी फटकार लगाकर शांत कराया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को सख्त चेतावनी दी।

चौकी प्रभारी आनंद मेहरा ने बताया कि बच्चों के विवाद के बाद स्थिति थोड़ी बिगड़ गई थी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला शांत करा दिया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। यदि भविष्य में किसी भी पक्ष ने माहौल खराब करने या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस क्षेत्र में नजर बनाए हुए है और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।