शंखनाद INDIA/चमोली

भारत-तिब्बत (चीन) सीमा से लगे सुमना-2 में ग्लेशियर फटने से हुए हादसे में आज सेना के जवानों को एक और शव बरामद हुआ है| इससे पहले रविवार को भी सर्च अभियान के दौरान 2 शव बरामद किए गए थे| जिसके बाद अभी तक इस हादसे में मृतकों की संख्या कुल 13 पहुंच गई है| आपदा प्रभावित सुमना-2 इलाके में अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए लगातार सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है|

बता दें कि जोशीमठ के सुमना में बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) के मजदूरों के कैंप के पास शुक्रवार दोपहर ग्लेशियर टूट गया था| यहां सड़क निर्माण का काम चल रहा था| इस दौरान बीआरओ के दो कैंप पूरी तरह तबाह हो गए। हादसे के बाद से ही वहां लापता लोगों की तलाश जारी है। सेना के अधिकारी और जवान वहां मौजूद है। हादसे में 384 मजदूर सुरक्षित बचाए गए हैं।

रविवार को वायु सेना के दो हेलीकॉप्टर द्वारा 11 शवों को जोशीमठ लाया गया। वहीं हादसे में घायल लोगों का ईलाज जोशीमठ में सेना के अस्पताल में चल रहा है| अभी भी प्रभावित क्षेत्र में छह मजदूर लापता चल रहे हैं। जिन्हें  ढूंढने के लिए सेना का सर्च अभियान लगातार जारी है| भारी बर्फ और हाईवे बाधित होने से सेना के जवानों को सर्च अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं| सुमना में लोगों की तलाश के एक डॉग स्क्वायड टीम की भी मदद ली जा रही है। हादसे में मरने वाले सभी मजदूरों की पहचान हो चुकी है| चमोली की जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया और पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान लगातार जोशीमठ में रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने परिजनों को शवों की सुपुर्दगी करने और सभी मृतकों का शीघ्र मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश स्थानीय प्रशासन को दिए हैं।

Share and Enjoy !

Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× हमारे साथ Whatsapp पर जुड़ें