शंखनाद INDIA/ देहरादून

उत्तराखंड में नवनियुक्त सीएम तीरथ सिंह रावत के सरकार में आते ही तबादलों का दौर शुरू हो चुका है| सीएम तीरथ सिंह रावत ने जैसे ही अपना पदभार संभाला, वैसे ही मंत्रियों, अधिकारियों और अफसरों के तबादले का दौर शुरू हो गया है| सीएम रावत ने हाल ही में आईएएस रणवीर सिंह चौहान को महानिदेशक सूचना की जिम्मेदारी सौंपी है| आज नवनियुक्त महानिदेशक, सूचना रणवीर सिंह चौहान ने सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया| कार्यभार ग्रहण करने के बाद बाद रणवीर सिंह चौहान ने महानिदेशालय में आयोजित विभागीय अधिकारियों की बैठक ली| जिसमें उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि सूचना विभाग सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनता तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करता है। इसमें मीडिया का अहम योगदान है, इसलिए मीडिया तक सूचनाओं का आदान-प्रदान त्वरित गति से होना चाहिए साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति व्यवहार का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि मीडिया से बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, पत्रकारों के हितों के लिए जो योजनाएं संचालित है, उनपर विशेष ध्यान दिया जाए| इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को विभागीय कार्य प्रणाली में पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखने के भी निर्देश जारी दिए।

सूचना महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान ने कहा कि अधिक से अधिक कार्यों में सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग किया जाए। राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनायें एवं नीतियां जनता तक ज्यादा से ज्यादा किस तरह पहुंचे इसके लिए विशेष प्रयास किये जाने चाहिए। विभाग वर्तमान समय के अनुसार आधुनिक तकनीक का उपयोग कर सूचनाओं के आदान-प्रदान में तेजी एवं सरलता लाये। वर्तमान समय में प्रचार प्रसार के आधुनिक प्रारूपों विशेषकार सोशल मीडिया पर विशेष फोकस रखा जाय। रणवीर सिंह चौहान के पास अपर सचिव, परिवहन, भाषा, सचिव हिन्दी अकादमी, निदेशक भाषा संस्थान, प्रबन्ध निदेशक उत्तराखण्ड परिवहन निगम तथा उपाध्यक्ष एमडीडीए का अतिरिक्त प्रभार भी है।