हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार बस के अनियंत्रित होने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्गा चौक के पास बेकाबू बस ने सड़क किनारे खड़े एक ऑटो और चार कारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसका एक हाथ कटकर अलग हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार सुबह ज्वालापुर के दुर्गा चौक के पास हुई। बताया गया कि एक तेज रफ्तार बस अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। इसके बाद बस सड़क किनारे एक निजी अस्पताल के बाहर खड़े वाहनों से जा टकराई। बस की चपेट में एक ऑटो और चार कारें आ गईं। हादसे के दौरान वहां मौजूद एक कुत्ता भी बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और घटना की सूचना पुलिस को दी। दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

हादसे में घायल ऑटो चालक की पहचान त्रिलोक सिंह गुसाईं के रूप में हुई है। गंभीर चोटों के चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया। हादसे में वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं।

पुलिस ने दुर्घटना के बाद बस चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

You missed