देहरादून। देहरादून में अपराध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के पास जिम से बाहर निकलते समय एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन कारोबार से जुड़ा था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पैदल ही मौके से फरार हो गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से राजधानी में दहशत का माहौल बन गया है।
इससे पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से लोगों में डर और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
बीते 2 फरवरी को दूल्हा बाजार में गुंजन हत्याकांड ने शहर को झकझोर कर रख दिया था, जहां आरोपी आकाश ने दिनदहाड़े चापड़ से हमला कर गुंजन की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष जांच टीम गठित की और रिकॉर्ड समय में चार्जशीट दाखिल की।
इसके अलावा ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या, विकासनगर में छात्रा मनीषा तोमर की हत्या जैसी घटनाओं ने भी कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। 29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर का शव ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के किनारे झाड़ियों में मिला था।
लगातार हो रही इन जघन्य घटनाओं से देहरादून के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, वहीं पुलिस और प्रशासन पर अपराध नियंत्रण को लेकर दबाव बढ़ता जा रहा है।
