नई दिल्ली। जनकपुरी इलाके में सड़क पर गहरे गड्ढे में गिरकर युवक कमल की मौत के मामले में पश्चिमी जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मौके पर मौजूद मजदूर/गार्ड योगेश को उत्तर प्रदेश के एटा से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी को दिल्ली ला रही है, जहां उससे गहन पूछताछ की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद योगेश फरार हो गया था और उसकी लोकेशन लगातार एटा में ट्रेस हो रही थी। इसी आधार पर शनिवार देर शाम पुलिस की टीमें एटा के लिए रवाना हुईं और तड़के उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी योगेश ने पूछताछ में दावा किया है कि उसने हादसे की जानकारी ठेकेदार को फोन पर दे दी थी, इसके बाद वह सो गया था। हालांकि पुलिस इस बयान की सत्यता की जांच कर रही है।
वहीं, इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए राजेश प्रजापति को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजेश प्रजापति को रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके और जिम्मेदारी तय की जा सके।
यह हादसा गुरुवार रात करीब 10 बजे हुआ, जब कमल बाइक से घर लौट रहा था। वह रोहिणी स्थित एक निजी बैंक की शाखा में कार्यरत था। जनकपुरी के पास सड़क पर मौजूद जल बोर्ड से जुड़े एक गहरे गड्ढे में गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा और लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश देखा गया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
