चमोली एवलांच रेस्क्यू

चमोली जिले में बद्रीनाथ के पास माणा में आए एवलांच के बाद बर्फ में दबे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन दूसरे दिन दिन भी जारी है। इसी बीच बड़ी खबर माणा से सामने आ रही है। हिमस्खलन की चपेट में आए चार घायल मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि पांच मजदूरों की तलाश अभी भी जारी है।

हिमस्खलन की चपेट में आने से चार श्रमिकों की मौत

चमोली में हिमस्खलन के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बर्फ के बीच जिंदगियों को बचाने की कोशिश दूसरे दिन भी जारी है। इसी बीच चार घायल श्रमिकों की मौत की खबर सामने आ रही है।  अब तक पचास मजदूरों को रेस्क्यू कर लिया गया है। जबकि पांच की तलाश की जा रही है।

रेस्क्यू अभियान का जायजा लेने सीएम धामी ज्योर्तिमठ पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का हवाई निरीक्षण भी किया। सीएम धामी ने कहा कि 55 में से 50 लोगों को सर्च और रेस्क्यू किया जा चुका है। बाकी 5 लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। जो लोग रेस्क्यू किए गए हैं उनको ज्योतिर्मठ लाया जा रहा है। सभी का उपचार किया जा रहा है। आवश्कता पड़ने पर हायर सेंटर भी रेफर किया जाएगा।

घटनास्थल पर मौजूद थे 55 मजदूर

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मुख्यमंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि कल 6 बजे करीब माणा पास हिमस्खलन हुआ। वहीं पर बीआरओ के 57 मजदूर कंटेनरों में रहते थे। जिनमें से शुक्रवार को दो मजदूर छुट्टी पर थे। 55 मजदूरों में से आईटीबीपी, सेना ने तेजी से खोजबीन करते हुए अब तक 50 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है। हेलीकॉप्टर से अभी तक 25 मजदूरों को ज्योर्तिमठ लाया गया है।

बाकी मजदूरों को भी जल्द कर लिया जाएगा रेस्क्यू

जिलाधिकारी तिवारी ने आईटीबीपी और भारतीय सेना द्वारा किए गए रेस्क्यू अभियान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा एनडीआरएफ 28 सदस्यीय टीम भी घटना स्थल पर पहुंच चुकी है। उन्हें काफी अनुभव है जिस तरह रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है बाकि मजदूरों को जल्द रेस्क्यू कर लिया जाएगा।