शंखनाद INDIA/बी.तिवारी/पिथौरागढ़-: सीमांत जिले में मिड डे मील के लिए तीन राज्य स्तरीय पुरस्कार मिलेंगे इसके लिए सीमांत के विद्यालय जाजर चिंगरी, गुरना और सलकोट को चुना गया है यह पुरस्कार विद्यालय में औचक निरीक्षण के आधार पर निर्धारित हुआ है। नेपाल सीमा से लगे आदर्श विद्यालय जाजर चिंगरी को मध्यान्ह भोजन में मशरूम का सफल प्रयोग करने के लिए दिया गया है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सीएस जोशी के इस अभिनव प्रयोग को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। इस प्रयोग के लिए प्रधानाचार्य सीएस जोशी को राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मानित किया जा चुका है। इसी क्रम में दूसरा पुरस्कार सलकोट को मिला है। विद्यालय की शिक्षिका अजरा परवीन विद्यालय के परिवेश को साफ सुथरा रखने के लिए राज्यपाल पुरस्कार भी हासिल कर चुकी हैं। विद्यालय का मिड डे मील उच्च गुणवत्ता का पाया गया जिसके आधार पर विद्यालय को राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चुना गया।

पुरस्कार पाने वालों में जिले का तीसरा विद्यालय आदर्श विद्यालय गुरना है । अंग्रेजी माध्यम से संचालित होने वाले इस विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष जोशी ने अपने प्रयासों से न केवल विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ाई बल्कि मध्यान भोजन की गुणवत्ता को भी उच्च स्तरीय बनाया। यह जिले का पहला विद्यालय है जहां पढ़ने के लिए बच्चों को बस सुविधा दी गई है जिले के शिक्षा अधिकारियों के बच्चे भी इस विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं तीनों विद्यालयों का राज्य पुरस्कार के लिए चयन होने पर जनपद वासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।