केंद्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने अपनी दुबई यात्रा के दूसरे दिन आज विदेश में रह रहे भारतीयों को प्रशिक्षित करने के लिए एक कौशल भारत अंतर्राष्ट्रीय परियोजना ‘तेजस (अमीरात में नौकरियों और कौशल के लिए प्रशिक्षण)’ का शुभारंभ किया। इस परियोजना का उद्देश्य भारतीयों को कुशल बनाना, प्रमाण पत्र प्रदान करना और विदेश में रोजगार देना है। ‘तेजस’ का उद्देश्य भारतीय श्रमबल या कामगारों को कुशल बनाने के साथ-साथ यूएई की बाजार आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम बनाने के लिए उनका मार्ग प्रशस्त करना है।
इस परियोजना के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री महोदय ने कहा कि भारत में युवा आबादी है। राष्ट्र निर्माण और छवि निखारने दोनों में युवा ही सबसे बड़े हितधारक हैं। मंत्री महोदय ने कहा कि हमारा ध्यान इस आबादी को कुशल बनाने और दुनिया को भारत की ओर से एक विशाल कुशल श्रमबल उपलब्ध कराने पर है। श्री ठाकुर ने भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच मजबूत साझेदारी सुनिश्चित करने संबंधी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन को दोहराया। ‘तेजस’ का लक्ष्य प्रारंभिक चरण के दौरान संयुक्त अरब अमीरात में 10,000 लोगों का मजबूत भारतीय श्रमबल तैयार करना है।