बच्ची से रेप के बाद हत्या

राजधानी दिल्ली से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। दरिंदों का दिल यहां भी नहीं भरा उन्होंने इसके बाद मासूम की लाश एक सूटकेस में बंद कर दी और मकान को बाहर से ताला लगा दिया। इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश है।

दिल्ली में 9 साल की बच्ची से रेप के बाद हत्या

उत्तर-पूर्वी दिल्ली में एक नाबालिग लड़की का खून से लथपथ सूटकेस में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को पूर्वोत्तर दिल्ली के नेहरू विहार में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को शुरुआती मेडिकल जांच के आधार पर यौन उत्पीड़न का संदेह है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

सूटकेस में बंद मिला था बच्ची का शव

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दयालपुर पुलिस स्टेशन में रात 8:41 बजे पीसीआर कॉल पर जानकारी मिली। जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। तब तक लड़की के पिता ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया था। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची के शरीर और चेहरे पर पड़े निशानों के चलते यौन उत्पीड़न की संभावना जताई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया है। साक्ष्य एकत्र करने और आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीमों को तैनात किया गया है।

पुलिस ने चार संदिग्धों को लिया हिरासत में

घटना के विरोध में लोगों ने जमकर प्रदर्शन भी किया। लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और उन्हें सजा देने की मांग की है। पुलिस ने शक के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है। भारी तनाव के चलते इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की यौन उत्पीड़न समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।