21 साल में रचा इतिहास

पंचायत चुनावों में इस बार महिलाओं ने इतिहास रच दिया है। जहां एक ओर महिलाओं ने पुरूषों से ज्यादा मतदान किया तो वहीं दूसरी ओर बेटियों ने इतिहास रच दिया है। महज 21 साल की उम्र में चमोली की प्रियंका नेगी ग्राम प्रधान बन गई है। जबकि 21 साल की ही अल्मोड़ा की निकिता बीडीसी मेंबर बन गई हैं।

21 साल की प्रियंका बनी सबसे कम उम्र की प्रधान

कर्णप्रयाग गैरसैंण विकासखंड में मुख्यमंत्री के आदर्श गांव सारकोट की नई प्रधान सिर्फ 21 साल की हैं। प्रियंका नेगी ना केवल जिले की सबसे कम उम्र की प्रधान हैं बल्कि पूरे प्रदेश में सबसे कम उम्र की प्रधान चुनी गई है। प्रियंका ने गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीति शास्त्र विषय में स्नातक किया है। उन्होंने 421 मत हासिल किए जबकि उनकी प्रतिद्वंदी प्रियंका देवी को 235 मत मिले।

निकिता 21 साल की उम्र में बनी बीडीसी मेंबर

अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया ब्लाक के क्षेत्र पंचायत की सीट कोट्यूड़ा ताल सीट से निकिता ने 21 वर्ष की उम्र में जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी निशा को 41 मतों के अंतर से हराया है। बता दें कि कोट्यूड़ा ताल सीट से निकिता को 456 वोट मिले जबकि उनकी  प्रतिद्वंदी निशा को 415 मत प्राप्त हुए और 14 मद रद्द हुए।