हरिद्वार। रविवार को गंगा नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से सप्तऋषि घाट और कबीर कुटीर क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जब नदी के बीच बने टापू पर कई श्रद्धालु फंस गए। प्रशासन और पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और सभी 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के अनुसार, सुबह करीब 10:40 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि सप्तऋषि घाट के पास गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ गया है और कई लोग टापू पर फंस गए हैं। सूचना मिलते ही जल पुलिस, पीएसी, फ्लड कंपनी और आपदा प्रबंधन टीम को मौके पर रवाना किया गया।
रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाते हुए संयुक्त अभियान चलाया और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया। इसी दौरान कबीर कुटीर घाट क्षेत्र में भी स्नान कर रहे श्रद्धालु तेज बहाव के कारण टापू पर फंस गए थे। चौकी इंचार्ज सप्तऋषि अपनी टीम, चेतक कर्मियों और जल पुलिस के साथ नाव और राहत उपकरणों की मदद से मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
रेस्क्यू किए गए लोगों में 10 पुरुष, 7 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं, जो दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के निवासी बताए गए हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय जलस्तर और बहाव का विशेष ध्यान रखें तथा नदी के बीच बने टापू या गहरे स्थानों पर जाने से बचें।
