बागेश्वर। जिले के कपकोट क्षेत्र के लीती गांव में पुलिस ने एक होटल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद कर इलाके में सनसनी फैला दी। नियमित चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को होटल से 104 जिलेटिन रॉड्स मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल स्वामी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम चौकी प्रभारी शामा सुमित कुमार अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुख्य तिराहे पर स्थित एक होटल की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वहां से बेलनाकार आकार की 104 संदिग्ध विस्फोटक छड़ें बरामद हुईं, जिन पर “राज जैल 90, राजस्थान एक्सप्लोसिव केमिकल्स लिमिटेड” अंकित था।
मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान लीती गांव निवासी पान सिंह (52) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2010 से 2012 के बीच सड़क निर्माण कार्य के दौरान वह बारूद गोदाम की देखरेख करता था और काम खत्म होने के बाद बची हुई विस्फोटक सामग्री उसने अपने पास ही रख ली थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दी। सुरक्षा के मद्देनज़र ऊधमसिंह नगर से बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और स्निफर डॉग ‘मौली’ को मौके पर बुलाया गया। एसआई चंद्रशेखर उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने होटल और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
प्रारंभिक जांच में बरामद सामग्री को बारूद (जिलेटिन) बताया गया है। पुलिस के अनुसार, यह विस्फोटक करीब 15 वर्ष पुराना है। एसपी बागेश्वर जितेंद्र मेहरा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 5 और बीएनएस की धारा 288 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, संबंधित ठेकेदार की तलाश भी जारी है।
पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से बरामद विस्फोटक को विधिक प्रक्रिया के तहत जल्द नष्ट करने की बात कही है।
