देहरादून। उत्तराखंड में युवाओं के नए और नवाचार आधारित विचारों को कारोबार का रूप देने की दिशा में राज्य सरकार ने एक अहम पहल की है। प्रदेश में 10 नए स्टार्टअप आइडिया का चयन किया गया है। चयनित युवाओं को सरकार की ओर से दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

सरकार के अनुसार, इन स्टार्टअप आइडिया का चयन जिलास्तर पर आयोजित बूट कैंप के माध्यम से किया गया। उद्योग विभाग के सहयोग से उच्च शिक्षण संस्थानों में बूट कैंप आयोजित किए गए, जहां युवाओं ने अपने नवाचार और कारोबारी विचार प्रस्तुत किए। इनमें से बेहतर और संभावनाशील आइडिया को स्टार्टअप के रूप में आगे बढ़ाने के लिए चुना गया।

चयनित युवाओं को जल्द ही उच्च अधिकारियों की अनुमति मिलने के बाद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने के साथ-साथ प्रदेश में मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार करना है।

आंकड़ों के मुताबिक, अब तक उत्तराखंड सरकार से 219 स्टार्टअप मान्यता प्राप्त कर चुके हैं। वहीं, केंद्र सरकार के स्टार्टअप पोर्टल पर प्रदेश के 1500 से अधिक युवा स्टार्टअप के रूप में पंजीकृत हैं।

स्टार्टअप को आगे बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी बनाया है। इसके अलावा स्टार्टअप नीति के तहत युवाओं को कई तरह के वित्तीय प्रोत्साहन देने का प्रावधान किया गया है। सरकार का कहना है कि इन प्रयासों से प्रदेश के युवाओं के नवाचार को बाजार और कारोबार से जोड़ने में मदद मिलेगी।