हरिद्वार। हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में गोकशी के शक में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में सभी आरोपियों को धारा-41 के तहत नोटिस देकर छोड़ दिया गया।

पुलिस के अनुसार बैरागी कैंप निवासी सद्दाम ने शिकायत में बताया कि 19 मार्च की रात वह एक टाटा वाहन से दो गाय और एक बछड़ा लेकर दिनारपुर जा रहा था। इसी दौरान काली मंदिर के पास कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने खुद को ‘गौ सेवक’ बताते हुए उस पर गोकशी का आरोप लगाया और फिर जबरन कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने दोबारा पशु ले जाते दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी पवन के साथ पीयूष, राजन चौधरी, अजय और सौरभ को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सात साल से कम सजा का प्रावधान होने के कारण आरोपियों को नोटिस देकर रिहा किया गया है।

इसी बीच पथरी थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव में भी मारपीट का एक और मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की शिकायत पर चार महिलाओं समेत 12 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें, न कि हिंसा का।