प्रदेश में बारिश कहर बनकर बरस रही है। भारी बारिश के चलते बोल्डर आने से यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया है। जानकीचट्टी पैदल मार्ग पर नौकैंची के पास बोल्डर आने से आवाजाही बाधित हो गई है। इसके साथ ही रास्ता बंद होने के कारण मदमहेश्वर यात्रा भी ठप हो गई है।

बारिश के कारण बोल्डर आने से यमुनोत्री हाईवे बाधित

यमुनोत्री जानकीचट्टी पैदल मार्ग नौकैंची के पास बोल्डर आने से आवाजाही बंद हो गई है। लगातार हो रही बारिश मुश्किलें बढ़ा रही है। यमुनोत्री मंदिर समिति के पूर्व सचिव सुरेश उनियाल ने बताया कि आज रात भी बोल्डर पत्थर उसी जगह के पास गिरे जहां पर पिछले माह चट्टानी बोल्डर पत्थरों के आने से चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हुई थी।

मदमहेश्वर यात्रा भी रूकी

मिली जानकारी के मुताबिक नौकैची के अलावा भंडेलीगाड के पास बोल्डर पत्थरों के गिरने की सूचना है।। इसके साथ ही बारिश के कारण द्वितीय केदार मदमहेश्वर की यात्रा भी ठप है। गौंडार गांव के समीप सरस्वती नदी पर बना अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया है।