अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिले में दिल्ली से आई एक बारात की कार लौटते समय खाई में गिरने से 11 माह के मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा गुरुवार को बसौली के पास चुराड़ी बैंड के समीप हुआ।

पुलिस के अनुसार, ताकुला ब्लॉक के झिझाड़ गांव निवासी हरीश राम की बेटी की शादी में बारात दिल्ली के उत्तम नगर से आई थी। समारोह संपन्न होने के बाद बाराती दिल्ली लौट रहे थे। बसौली से करीब दो किलोमीटर आगे एक दिल्ली नंबर की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही सोमेश्वर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों ने भी तत्परता दिखाते हुए कार के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुंचाया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला में चिकित्सकों ने 44 वर्षीय मंजू देवी, 50 वर्षीय दिनेश राम और 11 माह के रिहान को मृत घोषित कर दिया। रिहान के माता-पिता जया और महेश समेत अन्य घायलों का उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि रिहान का पहला जन्मदिन अगले माह मनाया जाना था, जिसे लेकर परिवार उत्साहित था। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।

एसएसपी चंद्रशेखर आर घोड़के ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।