देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।

मंगलवार सुबह से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में लगातार बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने 8 अप्रैल के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है।

राजधानी देहरादून में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री गिरकर 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट और अधिक देखने को मिली, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास बना रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बदलाव के पीछे मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है। यह सिस्टम भूमध्यसागर और अरब सागर से नमी लेकर आता है, जिससे बादल बनते हैं और बारिश होती है। साथ ही हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाएं तापमान में और गिरावट लाती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बादलों के कारण सूर्य की किरणें जमीन तक नहीं पहुंच पातीं, जिससे तापमान सामान्य से नीचे बना रहता है।