चमोली। विश्व धरोहर स्थल फूलों की घाटी आज यानी शुक्रवार 31 अक्तूबर से पर्यटकों के लिए बंद कर दी गई है। इस वर्ष घाटी में पर्यटकों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कम रही। वर्ष 2025 में कुल 15,934 देशी-विदेशी पर्यटक घाटी पहुंचे, जिससे विभाग को ₹33,28,050 की आय हुई। वहीं पिछले वर्ष 19,401 पर्यटक आए थे, जिससे ₹39,40,850 की आय अर्जित हुई थी।
फूलों की विभिन्न प्रजातियों के लिए प्रसिद्ध यह घाटी हाल के दिनों में बर्फ से लकदक रही। समय से पहले हुई बर्फबारी के कारण घाटी के प्राकृतिक ढलानों और पहाड़ियों ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया।
स्थानीय टूर ऑपरेटर संजय सती के अनुसार, इस बार फूलों की संख्या कम होने के बावजूद बर्फबारी ने पर्यटकों को आकर्षित किया। फूलों की घाटी की वन क्षेत्राधिकारी चेतना कांडपाल ने बताया कि बर्फबारी के बाद प्रतिदिन आठ से दस पर्यटक घाटी का भ्रमण करने पहुंचे। घाटी अब अगले सीजन में ही पर्यटकों के लिए खोली जाएगी।

