उधम सिंह नगर। ऊधम सिंह नगर जिले में बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल तेज हवा और बारिश के चलते जमीन पर बिछ गई है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। जिले में करीब 1.8 लाख हेक्टेयर भूमि पर गेहूं और लगभग 5000 हेक्टेयर में सरसों की खेती की गई थी। किसानों को इस बार अच्छी पैदावार और बेहतर आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी उम्मीदों को झटका दे दिया है।

बारिश के कारण गेहूं की फसल लेट जाने से न केवल उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका है, बल्कि कटाई कार्य में भी देरी हो सकती है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम का यह मिजाज जारी रहा, तो बची हुई फसल भी पूरी तरह नष्ट हो सकती है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर होने का खतरा है।

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। कृषि विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रही हैं। पटवारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में फसल क्षति की रिपोर्ट तैयार कर प्रशासन को सौंपें।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जहां-जहां फसलों को नुकसान हुआ है, उसका विस्तृत आंकलन कर रिपोर्ट बनाई जाएगी। इसके आधार पर प्रभावित किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाएगा। प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया है कि उन्हें हर संभव सहायता दी जाएगी।