बागेश्वर। कपकोट में आयोजित राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांच के साथ-साथ हादसे भी देखने को मिले। शुक्रवार को लैंडिंग के दौरान दो पायलट दुर्घटना का शिकार हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रतियोगिता में पायलट कपकोट के जालेख से उड़ान भरकर केदारेश्वर मैदान में लैंडिंग कर रहे हैं।
पहला हादसा टिहरी गढ़वाल के परकोटा गांव से आए पायलट रणजीत सिंह चौहान (30) पुत्र जोध सिंह के साथ हुआ। लैंडिंग के समय वह अनियंत्रित हो गए। मैदान से लगभग 30 मीटर की ऊंचाई पर संतुलन बिगड़ने के बाद वह सामान्य लैंडिंग करने के बजाय नीचे बने हेलीपैड पर जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें सीएचसी कपकोट ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इस घटना के कुछ ही मिनट बाद पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं वर्तमान में वार्ड सात से जिला पंचायत सदस्य नवीन परिहार भी लैंडिंग के दौरान घायल हो गए। सफल लैंडिंग के बाद अचानक उनका पैर मुड़ गया, जिससे उन्हें चोट आई। मौके पर मौजूद पूर्व सभासद तनुज तिरुवा व अन्य लोगों ने उन्हें तत्काल सीएचसी कपकोट पहुंचाया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।
जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गिरिजा शंकर जोशी ने बताया कि रणजीत सिंह चौहान की कमर में चोट आई है और उन्हें पूर्ण बेड रेस्ट की सलाह दी गई है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है। एसडीएम अनिल चन्याल ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान दो पायलट घायल हुए हैं, लेकिन चोटें गंभीर नहीं हैं और सभी सुरक्षा इंतजाम पुख्ता हैं। विधायक सुरेश गढ़िया ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
