चारधाम यात्रा को सुगम और यात्री-अनुकूल बनाने के लिए परिवहन निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार निगम ऋषिकेश के साथ-साथ हरिद्वार से भी चारधाम रूट पर बसों का संचालन करने की योजना बना रहा है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम अहम माना जा रहा है।
पहली बार रोडवेज चारधाम यात्रा के लिए ट्रैंपो ट्रेवलर की बुकिंग सुविधा भी उपलब्ध कराएगा। हरिद्वार से छह ट्रैंपो ट्रेवलर का विशेष बेड़ा संचालित किया जाएगा, जिससे समूह में यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर विकल्प मिल सकेगा। वर्तमान में ये ट्रैंपो ट्रेवलर देहरादून-मसूरी और नैनीताल-हल्द्वानी मार्गों पर संचालित होते हैं।
यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए निगम ने 100 बसों का अतिरिक्त बेड़ा रिजर्व रखने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही चारधाम रूट पर बसों के ट्रिप भी बढ़ाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े।
तकनीकी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मार्ग पर स्थित वर्कशॉप्स को भी अपग्रेड किया जा रहा है। श्रीनगर और ऋषिकेश की वर्कशॉप्स में विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे बसों में आने वाली तकनीकी खामियों को तुरंत ठीक किया जा सके।
परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए सभी तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर की जा रही हैं। यात्रा संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त कर दिया गया है, जिससे व्यवस्थाओं की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।
