देहरादून। सरकारी राशन उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। यदि कोई उपभोक्ता दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 माह का राशन नहीं ले पाया है, तो वह अब फरवरी माह के राशन के साथ अपना लंबित राशन भी प्राप्त कर सकता है। अपर खाद्य आयुक्त पी.एस. जंगपांगी ने बताया कि इस संबंध में राज्य के सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अपर खाद्य आयुक्त के अनुसार राज्य में 23 लाख से अधिक राशनकार्ड धारक हैं। हाल के महीनों में फोर्टिफाइड चावल की पर्याप्त उपलब्धता न होने के कारण राशन वितरण प्रभावित हुआ, जिससे कई उपभोक्ताओं को समय पर राशन नहीं मिल सका। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए विभाग ने विशेष व्यवस्था की है, ताकि कोई भी पात्र उपभोक्ता अपने हक से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं को दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 का राशन नहीं मिला है, वे अब फरवरी माह के निर्धारित राशन के साथ दोनों महीनों का राशन एक साथ प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए बायोमेट्रिक ऑनलाइन वितरण प्रणाली में आवश्यक तकनीकी प्रावधान कर दिए गए हैं, जिससे वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारू बनी रहे।
अपर आयुक्त के मुताबिक अब तक करीब 75 प्रतिशत राशन उपभोक्ता अपना राशन प्राप्त कर चुके हैं, जबकि शेष उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे नजदीकी उचित मूल्य दुकान पर जाकर समय रहते अपना राशन ले लें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि राशन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में वे अपने जिला पूर्ति अधिकारी या टोल-फ्री हेल्पलाइन पर संपर्क करें, ताकि समय पर समाधान किया जा सके।
