देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले दून में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में झाझरा क्षेत्र से विक्रांत कश्यप नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी Inter-Services Intelligence (आईएसआई) से जुड़े आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था।

एसटीएफ आईजी नीलेश आनंद भरणे के अनुसार, आरोपी का संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल बद्र ब्रिगेड के आतंकी शहजाद भट्टी से था। वह इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार संपर्क में रहकर देहरादून के सैन्य और संवेदनशील सरकारी संस्थानों की फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेज रहा था। आरोपी को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), पुलिस मुख्यालय समेत अन्य अहम स्थानों की जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि उसे तहरीक-ए-तालिबान-हिंदुस्तान के नाम से शहर में ग्राफिटी कर दहशत फैलाने के लिए उकसाया जा रहा था। साथ ही, नेपाल के रास्ते दुबई भेजकर आतंकी नेटवर्क में शामिल करने और आर्थिक मदद का लालच भी दिया गया था। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक था और उनकी हत्या से आहत होकर भटक गया। इसी दौरान वह आतंकी नेटवर्क के संपर्क में आया।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि समय रहते इस साजिश को विफल कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ थाना प्रेमनगर में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।