दिल्ली। दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र में कार के साइड मिरर को हुए नुकसान को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पुरानी रंजिश के चलते 25 वर्षीय कपड़ा विक्रेता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे बदरपुर थाने को गौतमपुरी इलाके में चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि बड़ी संख्या में लोग एकत्र थे और घटनास्थल पर खून के धब्बे मौजूद थे। प्रारंभिक जांच और चश्मदीदों के बयानों से पता चला कि एक कार का साइड मिरर टूटने को लेकर पहले कहासुनी हुई, जो पुरानी दुश्मनी के कारण जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
इस हमले में अरुण (25), जो पेशे से कपड़ा विक्रेता था, और शिवम (25), जो एम्स में हाउसकीपिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत है, पर चाकू से कई वार किए गए। दोनों को गंभीर हालत में एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अरुण की मौत हो गई। वहीं शिवम का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन कर इलाके में छापेमारी की और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अमर (25), विक्की (31) और दो 16 वर्षीय नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी गौतमपुरी इलाके के निवासी हैं, स्कूल की पढ़ाई छोड़ चुके हैं और इनमें से दो बेरोजगार हैं। घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 109 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
