ऋषिकेश । शहर में पुलिस ने यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में एक महिला की शिकायत पर तीन प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एक आरोपी, कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी, को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2021 से आरोपियों ने उसे डराकर-धमकाकर अपने जाल में फंसाया। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ देकर कई बार अलग-अलग होटलों और फार्महाउसों में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपियों ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें भी ले लीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करते रहे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पीड़िता की पारिवारिक परिस्थितियों, विशेषकर उसके पिता की गंभीर बीमारी, का फायदा उठाया और लंबे समय तक उसका शोषण किया। विरोध करने पर महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

मामले में एक और अहम पहलू सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं, जिस पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि यह कोई एक-दो घटनाओं का मामला नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा संगठित नेटवर्क हो सकता है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 342 (बंधक बनाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित बड़े नामों का भी खुलासा हो सकता है।