टिहरी और पौड़ी जनपद को जोड़ने वाले निर्माणाधीन बजरंग सेतु में एक बार फिर फुटपाथ पर लगा पारदर्शी कांच टूट गया है। फुटपाथ के कांच में कई जगह दरारें आने के बाद सुरक्षा के लिहाज से दोनों ओर से आवाजाही रोक दी गई है। यह पहली घटना नहीं है—इससे पहले भी दो बार इसी तरह कांच क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसे निर्माण कंपनी द्वारा बदला गया था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से अब निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर द्वारा वर्ष 2022 में लक्ष्मणझूला पुल के समीप इस पुल का निर्माण शुरू किया गया था। लगभग 69.20 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह पुल 132.30 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा है। इसके दोनों किनारों पर करीब 1.5-1.5 मीटर चौड़ा 65 मिमी मोटाई वाला कांच का फुटपाथ बनाया गया है।

हालांकि पुल का अभी उद्घाटन नहीं हुआ है, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते पिछले दो महीनों से स्थानीय लोग और देशी-विदेशी पर्यटक यहां आवाजाही कर रहे हैं। फुटपाथ पर सेल्फी लेने और घूमने वालों की भीड़ देखी जा रही है, जबकि यहां सुरक्षा या निगरानी के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।

गौरतलब है कि 16 अप्रैल 2022 को आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट के आधार पर 92 साल पुराने लक्ष्मणझूला पुल को जर्जर हालत के कारण अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया गया था।

इस बीच अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, जानकारी मिलने पर जांच कराई जाएगी।