खटीमा में पूर्णागिरी मार्ग पर आज सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पूर्णागिरि धाम के दर्शन करने जा रहे युवकों की बाइक सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण हादसे का शिकार हो गई। खटीमा में पहेनिया कुटरी हाईवे पर युवकों की बाइक सड़क के बीच घूम रहे पशुओं से जा टकराई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूर्णागिरि मार्ग पर आवारा पशुओं के कारण बड़ा हादसा
रुद्रपुर के दो युवक मां पूर्णागिरी के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान वो दुर्घटना का शिकार हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक अमन गंगवार उम्र 21 वर्ष और उसका साथी शुभम रस्तोगी उम्र 22 वर्ष बाइक से पूर्णागिरी धाम जा रहे थे। वो पहेनिया कुटरी हाईवे पर थे इस दौरान बाइक आवारा पशुओं से टकरा गई जिस दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आस-पास मौजूद लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी।
एक की मौत एक गंभीर रूप से घायल
एंबुलेंस से दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने 21 साल के अमन को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल शुभम का इलाज चल रहा है। पुलिस ने अमन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। जबकि डॉक्टरों ने बताया कि शुभम खतरे से बाहर है। पुलिस ने हादसे की जानकारी दोनों युवकों के परिजनों को दे दी है।
घर का इकलौता बेटा था अमन
दर्दनाक हादसे की खबर मिलने के बाद से ही अमन की मां हीरावती का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि अमन घर का इकलौता बेटा था और वह अविवाहित था। वो रुद्रपुर में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। अमन के पिता भी प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। अमन का परिवार मूल रूप से बीसलपुर यूपी के अकबराबाद गांव के रहने वाले हैं।