नैनीताल। जिले में एलपीजी आपूर्ति में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर अब विवाह समारोहों के लिए अधिकतम दो व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर ही आवंटित किए जाएंगे। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि व्यावसायिक एलपीजी वितरण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) निर्धारित की गई है। इसके तहत आवेदकों को आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे, जिनकी जांच के बाद अस्थायी गैस कनेक्शन की संस्तुति दी जाएगी। तहसील स्तर पर अधिकारियों को नामित किया गया है, जो दस्तावेजों का सत्यापन कर संबंधित गैस एजेंसियों को सिलिंडर उपलब्ध कराने के निर्देश देंगे। प्रशासन का उद्देश्य एलपीजी की सुचारु आपूर्ति और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है।

इधर, नैनीताल शहर में मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों में गैस सिलिंडरों का व्यवस्थित वितरण किया गया। पर्वत गैस एजेंसी के अनुसार तल्लीताल डांठ और पुलिस लाइन में 45-45, एटीआई क्षेत्र में 45, डीएसबी क्षेत्र में 35 और नारायण नगर में 25 सिलिंडर वितरित किए गए। एजेंसी प्रबंधक अंकिता पांडे ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए रोस्टर जारी कर वितरण प्रक्रिया को व्यवस्थित किया गया है। साथ ही लोगों से अनावश्यक अतिरिक्त बुकिंग न करने की अपील की गई है।

वहीं, खैरना-गरमपानी बाजार में गैस वाहन पहुंचते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे जाम की स्थिति बन गई। कुछ लोग सिलिंडर लेने के लिए वाहन पर चढ़ गए। पुलिस की मदद से वितरण कराया गया, लेकिन ओटीपी न मिलने और स्टॉक खत्म होने के कारण कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार शेष उपभोक्ताओं के लिए जल्द ही अतिरिक्त आपूर्ति भेजी जाएगी।