कालाढूंगी। कालाढूंगी में एसडीएम बिपिन चंद्र पंत के नेतृत्व में राजस्व, पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को पुस्तक विक्रेताओं की दुकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अभिभावकों की शिकायतों के बाद की गई, जिनमें एनसीईआरटी की पुस्तकों के अलावा महंगी किताबें जबरन खरीदवाने और निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने के आरोप लगाए गए थे।
जांच के दौरान भंडारी बुक डिपो और आनंद बुक डिपो में स्कूलों के मोनोग्राम वाली ड्रेसें पाई गईं। वहीं सुमसन क्लॉथ हाउस में पांच निजी स्कूलों की मोनोग्राम युक्त ड्रेसें बिकती मिलीं। दुकानदार इन ड्रेसों की बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही, ड्रेसों पर मूल्य अंकित नहीं था और उन्हें मनमाने दामों पर बेचा जा रहा था। अजंता बुक डिपो में एनसीईआरटी की किताबों के साथ बिना मोनोग्राम वाली ड्रेस भी पाई गई।
इसी क्रम में कालाढूंगी बंदोबस्ती स्थित कैमरेड्री पब्लिक स्कूल का निरीक्षण भी किया गया, जहां एनसीईआरटी के अतिरिक्त कोई अन्य पुस्तक नहीं मिली। एसडीएम पंत ने पूरे मामले में मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
वहीं, कैंची धाम क्षेत्र में एसडीएम मोनिका के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने पुस्तक विक्रेताओं और विद्यालयों का निरीक्षण किया। टीम ने विशेष रूप से निजी प्रकाशकों की पुस्तकों की बिक्री की जांच की। एसडीएम ने स्कूलों को केवल निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुरूप ही पुस्तकें बेचने के निर्देश दिए और अभिभावकों को भी जागरूक रहने की सलाह दी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और नियमों के उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
