उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित हर्षिल घाटी में शुक्रवार सुबह से जारी भारी बर्फबारी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते गंगोत्री हाईवे सुक्की टॉप के पास वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। इसके कारण हर्षिल क्षेत्र के सात गांवों सहित गंगोत्री धाम और अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है।

गंगोत्री धाम में भी लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। सीमा सड़क संगठन (BRO) के अनुसार, बर्फबारी रुकने के बाद ही सड़क खोलने का कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं, बदरीनाथ धाम में करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है और वहां भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है।

प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय इलाकों के कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।

मैदानी क्षेत्रों में भी तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना बनी हुई है। देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 मार्च तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।