शंखनाद INDIA/उत्तराखंड देहरादून: उत्तराखंड की सियासी हवाओं में तैर रही दलबदल की अटकलों के बीच उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा की देहरादून में एंट्री ने सियासत तेज कर दी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से लगभग नेपथ्य में रहे बहुगुणा दिल्ली से अचानक देहरादून पहुंचे और उन्होंने कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और सुबोध उनियाल समेत उन सभी नौ लोगों से बात की, जो कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए थे।

पार्टी केंद्रीय नेतृत्व ने इन अटकलों पर पूर्ण विराम लगाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा को मैदान में उतारा है। लंबे समय से तकरीबन उपेक्षित रहे बहुगुणा ने अपने साथियों से मुलाकात करने से पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय का रुख किया। वहां उन्होंने प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार से मुलाकात की। ताजा राजनीतिक घटनाक्रम और चर्चाओं को लेकर दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई।

इसके बाद बहुगुणा कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के घर पहुंचे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भी वहां पहुंचे। बहुगुणा ने कांग्रेस से बगावत कर भाजपा में शामिल हुए सभी विधायकों व नेताओं से बारी-बारी बात की। सूत्रों के मुताबिक, बहुगुणा ने सभी से धैर्यपूर्वक और उत्साह के साथ चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया। बकौल बहुगुणा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून आ रहे हैं।

मैंने उनके दौरे को लेकर संगठन महामंत्री से चर्चा कीपूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा ने कहा कि हमने कांग्रेस से विभाजन सिद्धांतों के आधार पर किया था। आज हम सभी साथ हैं और पूरी तरह से समर्पित हैं। बहुगुणा ने कहा कि हमारा आज भी यह मानना है कि उत्तराखंड का हित और विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुरक्षित है। पीएम मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है।