उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नगरपालिका अध्यक्ष मनोज कोहली चिन्यालीसौड़ आर्च ब्रिज पर चढ़ गए और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।

दरअसल, पालिका अध्यक्ष के खिलाफ सभासदों द्वारा कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए चार दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया गया था। सभासदों ने मामले की निष्पक्ष जांच और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के स्थानांतरण की भी मांग की थी। बढ़ते विवाद को देखते हुए जिलाधिकारी ने मंगलवार को मामले की जांच के आदेश दिए थे।

जांच के लिए एसडीएम डुंडा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है, जिसे वित्तीय अनियमितताओं की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी के आदेश के अगले ही दिन पालिका अध्यक्ष का यह कदम सामने आया, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को संभालने में जुटे हुए हैं।