देहरादून। राजधानी स्थित शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर राज्य के शिक्षकों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में राजकीय शिक्षक संघ और मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने रविवार को बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि हमले के विरोध में प्रदेशभर के सभी कार्यालय कर्मचारी और अधिकारी सोमवार और मंगलवार को उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कार्य बहिष्कार करेंगे। इसके साथ ही शिक्षा निदेशालय परिसर में धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कर्मचारी संगठनों ने भाजपा विधायक सहित मारपीट और तोड़फोड़ के सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष अरुण पांडे और महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि घटना का विस्तृत विवरण अभी उपलब्ध नहीं है, इसलिए विस्तृत टिप्पणी करना संभव नहीं है, लेकिन किसी भी सरकारी कार्यालय में इस प्रकार की हिंसक घटना अत्यंत अशोभनीय और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि विधि के शासन के तहत सभी कार्य स्पष्ट नियमों और व्यवस्थाओं के अनुसार होते हैं, ऐसे में इस प्रकार की अराजक घटनाएं स्वीकार्य नहीं हो सकतीं।
वहीं, उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति ने भी घटना की घोर निंदा करते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो समन्वय समिति सभी परिसंघों के साथ बैठक कर प्रदेशभर के कार्यालयों को बंद करने जैसे कठोर कदम पर विचार करेगी। कर्मचारियों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
