यमुना नदी में बनी झील

उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी में बनी कृत्रिम झील को खोलने के प्रयास निरंतर जारी हैं। झील के एक हिस्से को खोलने के लिए पीडब्ल्यूडी, एसडीआरएफ, सिंचाई विभाग और अन्य सम्बंधित एजेंसियां जुटी हैं। पिछले एक घंटे में झील के जलस्तर में लगभग 2 फूट तक कमी आई है।

स्यानाचट्टी में बनी झील को खोलने की कोशिश जारी

उत्तरकाशी में स्यानाचट्टी में झील बनने से लोग और प्रशासन परेशान है। लगातार झील को खोलने के प्रयास जारी है। हालांकि पिछले एक घंटे में झील के जलस्तर में दो फुट की कमी आई है। लेकिन अब तक झील को खोलने की कोशिश पूरी नहीं हो पाई है।

सीएम धामी ने सचिव आपदा विनोद कुमार सुमन को स्यानाचट्टी चट्टी में बनी झील से जल निकासी के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए चैनेलाइजेशन करने के लिए समुचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी तथा सभी एहतियाती कदम उठाने को कहा है।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचान के निर्देश

मुख्यमंत्री ने सभी लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सुरक्षित स्थानों पर ठहराए गए लोगों के साथ ही स्यानाचट्टी के निवासियों के लिए भोजन, रसोई गैस, दवाइयों के साथ ही पेट्रोल व डीजल तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

नदी के एक हिस्से से हो रही पानी की निकासी

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि वर्तमान में नदी के एक हिस्से से पानी की निकासी हो रही है। दलदल होने के कारण चैनेलाइजेशन करना अभी संभव नहीं हो पाया है। राहत और बचाव दलों द्वारा अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से धैर्य बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ, एनडीआरफ, फायर तथा सिंचाई विभाग की टीम राफ्ट के जरिए ग्राउंड जीरो पर पहुंच गई हैं।