देहरादून। उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा और गति देने में अहम भूमिका निभाने वाले राज्य के स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार को पब्लिक रिलेशन सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई) द्वारा राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण तथा पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। यह पुरस्कार राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, नवाचार और प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व के लिए उनके उत्कृष्ट योगदान की मान्यता है।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य में टेलीमेडिसिन सेवाओं का व्यापक विस्तार किया गया है। इसके साथ ही आपातकालीन स्थितियों में त्वरित और जीवनरक्षक उपचार सुनिश्चित करने के लिए एयर एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की गई है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर उच्चस्तरीय चिकित्सा मिल सके।
डॉ. आर. राजेश कुमार के नेतृत्व में बीते कुछ वर्षों में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। पहाड़ी क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए डिजिटल तकनीक का प्रभावी उपयोग किया गया, वहीं विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवानिवृत्ति आयु में वृद्धि और नई नियुक्तियों से मानव संसाधन को भी मजबूत किया गया है। इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों को सुदृढ़ करने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के आधुनिकीकरण और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई ठोस कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन जैसी पहल ने उन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराई हैं, जहां पहले विशेषज्ञ चिकित्सा पहुंच से बाहर थी। इन नवाचारों और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तराखंड स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य के रूप में उभर रहा है। यह राष्ट्रीय सम्मान राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों की सार्थक उपलब्धि है।
