दिल्ली नगर निगम चुनाव (Delhi Municipal Corporation Election) के शुरुआती रुझान आना शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के चांदनी चौक वार्ड -74 में भाजपा और आप उम्मीदवार के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। दोनों उम्मीदवारों के बीच वोटों का अंतर न के बराबर है।

दिल्ली में 250 नगर निगम वॉर्ड के चुनावी नतीजे आज दोपहर तक जारी हो जाएंगे। रविवार को यहां चुनाव हुए थे। इस बार करीब 50.47 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2017 के मुकाबले लगभग तीन फीसदी कम है। 2017 में 53.55%, 2012 में 53.39% और 2007 में 43.24% मतदान हुआ था। सोमवार को पांच अलग-अलग एजेंसियों ने एमसीडी चुनाव को लेकर एग्जिट पोल भी जारी किया था। सभी एग्जिट पोल के आंकड़े आम आदमी पार्टी के पक्ष में रहे। मतलब अनुमान है कि इस बार दिल्ली एमसीडी पर 15 साल से काबिज भाजपा बाहर हो सकती है।

धीरे-धीरे यह भी साफ हो जाएगा कि एग्जिट पोल के दावे कितने सही हैं। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी थी। कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार में जुटे थे। आइए जानते हैं कि तीनों पार्टी के दिग्गज नेताओं के वार्ड में कैसा हुआ चुनाव? कौन-कौन चुनाव लड़ा और किसकी जीत हो रही है?