देहरादून। देहरादून में बिजली उपभोक्ताओं को अगले कुछ दिनों तक भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा नई लाइन बिछाने और मरम्मत कार्य के चलते शहर के कई इलाकों में 10 अप्रैल तक प्रतिदिन 5 से 7 घंटे की बिजली कटौती की जाएगी।
मातावाला बाग और बिंदाल बिजलीघर से जुड़े बिंदाल-निरंजनपुर 33 केवी फीडर तथा 11 केवी तिलक रोड फीडर पर कार्य के चलते भंडारीबाग, पटेलनगर, कांवली रोड, केशव रोड, आढ़त बाजार, झंडा गली, कुसुम विहार और मुस्लिम कॉलोनी में 6 से 10 अप्रैल तक सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक बिजली बाधित रहेगी। वहीं तिलक रोड, खुड़बुड़ा, मच्छी बाजार, आनंद चौक और मन्नूगंज में 6 से 8 अप्रैल तक इसी समय आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
इसके अलावा आराघर, परेड ग्राउंड और राजपुर रोड क्षेत्र में 6 से 9 अप्रैल के बीच सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मरम्मत कार्य के कारण कटौती होगी।
मोहनपुर और गणेशपुर क्षेत्रों में भी ब्रेकर पैनल मरम्मत और कंडक्टर बदलने के चलते अलग-अलग तिथियों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 6 से 8 अप्रैल तक मेंहूवाला, पित्थुवाला और आसपास के क्षेत्रों में, जबकि 9 से 11 अप्रैल तक ऋषि विहार, तेलपुर चौक और हरबंसवाला में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली गुल रहेगी।
इस बीच, राघव विहार श्यामपुर में नियम विरुद्ध बिछाई जा रही 33 केवी लाइन को लेकर जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस लाइन से करीब 40 परिवारों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। जांच रिपोर्ट 10 दिन में मांगी गई है।
