उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए अप्रैल में ही दिसंबर जैसी ठंड का अहसास करा दिया है। मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार दोपहर तक जारी रही, जिससे देहरादून का तापमान सामान्य से करीब आठ डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। सुबह 10:30 बजे दून का तापमान मात्र 16 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि इस समय औसत तापमान लगभग 32 डिग्री रहता है।

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो मोहकमपुर में 18.5 मिमी, चकराता में 36 मिमी और मसूरी में 35 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। यह बारिश पिछले पांच वर्षों के रिकॉर्ड को तोड़ती नजर आई है। वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी से ठंड और बढ़ गई है।

मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 9 डिग्री दर्ज हुआ। धारचूला और आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार बर्फबारी जारी रही। पंचाचूली, हंसलिंग और खलियाटॉप जैसी चोटियां बर्फ से ढक गई हैं।

इस बेमौसम बारिश और बर्फबारी का असर खेती-किसानी पर भी साफ दिखाई दे रहा है। आड़ू, खुमानी और सेब के फूल झड़ने का खतरा बढ़ गया है, जिससे पैदावार प्रभावित हो सकती है। वहीं मैदानी इलाकों में गेहूं की फसल जलभराव के कारण खराब होने की कगार पर है।

मौसम विभाग के अनुसार 13 अप्रैल तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। 13 अप्रैल के बाद मौसम के सामान्य होने की उम्मीद जताई गई है।