बाजपुर। विवाह से महज एक दिन पहले दुल्हन के अपने प्रेमी संग भाग जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रविवार को जब बारात निकलने की तैयारियां जोरों पर थीं, तभी लड़की पक्ष से आई खबर ने सभी को हैरान कर दिया। बताया गया कि युवती बीती रात विवाह से नाराज होकर अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार, युवक बाजपुर नगर पालिका क्षेत्र के एक वार्ड का निवासी है। उसका विवाह सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के एक गांव की युवती से तय हुआ था। रविवार को दोनों का विवाह होना था। शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, घर और मंडप को सजाया गया था। रिश्तेदार और परिजन लड़की पक्ष के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। लेकिन इसी बीच सूचना मिली कि दुल्हन घर से लापता है और अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई है।
यह खबर मिलते ही लड़के पक्ष में हड़कंप मच गया। गुस्साए परिजन कोतवाली पहुंचे और लड़की पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाह की तैयारियों में हजारों रुपये खर्च हो चुके हैं, जिससे परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ सामाजिक अपमान का भी सामना करना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि यह एक पारिवारिक मामला है। दोनों पक्षों को आपसी सहमति से समाधान निकालने की सलाह दी गई है। वहीं, पुलिस ने युवती और उसके प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है।
इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी हुई है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
