देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेशभर से चयनित 82 दायित्वधारियों को बड़ी जिम्मेदारी देने की रणनीति तैयार कर ली है। पुष्कर सिंह धामी सरकार द्वारा दायित्वों के बंटवारे के बाद अब संगठन इन नेताओं को चुनावी मोर्चे पर सक्रिय करने की योजना पर काम कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने माइक्रो इंजीनियरिंग के तहत जमीनी स्तर से ऐसे नेताओं का चयन किया है, जिनकी अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ और पहचान है। इनमें कुछ नेता हाल ही में अन्य दलों से भाजपा में शामिल हुए हैं, जिन्हें संगठन ने विशेष महत्व दिया है। पार्टी पहले ही दो स्तरों पर सर्वेक्षण करा चुकी है, ताकि चुनावी रणनीति में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
दायित्वधारियों के चयन में उन क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया गया है, जहां संगठन खुद को अपेक्षाकृत कमजोर मानता रहा है। ऐसे क्षेत्रों में ये नेता सरकार और संगठन के बीच मजबूत कड़ी बनकर काम करेंगे।
भाजपा संगठन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी दायित्वधारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं और उनकी उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं और अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचाएं। इसके बाद उन्हें चुनावी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के अनुसार, ये दायित्वधारी सरकार और संगठन के बीच सेतु बनेंगे। जनता तक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन पार्टी को चुनाव में मजबूती प्रदान करेगा और जल्द ही इनके लिए स्पष्ट चुनावी टास्क निर्धारित किया जाएगा।
