शंखनाद INDIA/ देहरादून

उत्तराखंड में कोरोना संकट के बीच भाजपा सरकार के लिए एक बुरी खबर सामने आई है| गंगोत्री से भाजपा विधायक गोपाल रावत का आज  निधन हो गया है।  जानकारी के मुताबिक बीजेपी विधायक काफी लंबे समय से कैंसर की बीमारी से लड़ रहे थे| देहरादून के गोविंद अस्पताल में उनका ईलाज चल रहा था| इससे पहले कैंसर के ईलाज के लिए वह मुंबई भी गए थे| आज दोपहर देहरादून के गोविंद अस्पताल में ईलाज के दौरान उनका निधन हो गया। भाजपा विधायक के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है| बता दें कि गोपाल सिंह रावत गंगोत्री विधानसभा से दो बार भाजपा विधायक रह चुके हैं| उनके सरल स्वभाव के कारण राज्य में उनकी अलग पहचान थी| वह हमेशा जनता के लिए मौजूद रहते थे|

पूर्व मुख्‍यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर उनके निधन की  जानकारी साझा की है| त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर लिखा कि बड़े दुःख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि हमारे साथी और मेरे अनुज गंगोत्री विधायक गोपाल रावत जी का आज निधन हो गया। गोपाल जी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। मेरे लिए ये एक व्यक्तिगत क्षति है और मैं दिवंगत आत्मा की सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।