देहरादून। देहरादून के परेड मैदान में रविवार को अंकिता भंडारी हत्याकांड न्याय यात्रा के तहत महापंचायत का आयोजन किया गया। संयुक्त संघर्ष मंच के सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम नागरिक इस महापंचायत में शामिल हुए। लोगों ने एकजुट होकर कहा कि जब तक हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
महापंचायत में अंकिता भंडारी के माता-पिता भी पहुंचे और न्याय की मांग को दोहराया। वक्ताओं ने सरकार और प्रशासन पर निष्पक्ष जांच, दोषियों को कड़ी सजा और मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में शीघ्र निपटाने का दबाव बनाया। कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी की गई और न्याय यात्रा को आगे बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
