फलदार पौधे

उत्तराखण्ड की पर्यावरण और सांस्कृतिक परंपरा के प्रतीक हरेला पर्व की पूर्व संध्या पर आज देहरादून के न्यू कैंट रोड में आयोजित फलदार पौध वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने प्रतिभाग किया। यह कार्यक्रम उद्यान विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें आम, लीची, अमरूद, नींबू, अनार, कटहल जैसी विभिन्न फल प्रजातियों के पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया।

 कृषि मंत्री ने बांटे निशुल्क फलदार पौधें

सरकार हरेला पर्व पर प्रदेशभर में पांच लाख पौधे लगाने का अभियान चला रही है। इस से पहले हरेले की पूर्व संध्या पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने लोगों को निशुल्क फलदार पौधे बांटें। इसके साथ ही हरेला पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी प्रतीक है।

पूरे प्रदेश में बांटे जाएंगे सात लाख पौधे

कृषि मंत्री ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह प्रकृति से हमारे जुड़ाव और जिम्मेदारी का उत्सव है। हमें केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना होगा। कृषि मंत्री ने कहा कि उद्यान विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में प्रदेशभर में 15 लाख फलदार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से सात लाख पौधे निःशुल्क योजनान्तर्गत वितरित किए जाएंगे। इस क्रम में आज देहरादून जिले से इस अभियान की शुरुआत की गई।

पिछले साल बांटे गए थे 11.34 लाख फलदार पौधे

बता दें कि विगत वर्ष 2024-25 में राज्य में 11.34 लाख फलदार पौधे वितरित किए गए थे। कृषि मंत्री ने कहा कि इस बार इससे भी अधिक व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। राज्य में स्थापित राजकीय, एनएचबी मान्यता प्राप्त और निजी पंजीकृत पौधशालाओं से इस वर्ष 8.62 लाख पौधों का आवंटन जनपदों को किया जा चुका है। उद्यान विभाग द्वारा संचालित योजनान्तर्गत इच्छुक लाभार्थियों को 3-5 पौधे तथा राजकीय विद्यालयों व संस्थानों को 100-100 पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।