चमोली। चमोली-कुंड हाईवे पर स्थित मंडल क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब आकाशीय बिजली गिरने से एक बंद पड़े रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। घटना जड़ी-बूटी शोध संस्थान के समीप स्थित रेस्टोरेंट में हुई, जहां उस समय ताला लगा हुआ था।

पुलिस चौकी प्रभारी विपिन त्यागी के अनुसार, रविवार अपराह्न करीब तीन बजे बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली रेस्टोरेंट पर गिरी, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। रेस्टोरेंट के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में से एक के फटने से स्थिति और गंभीर हो गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दो वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक रेस्टोरेंट में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।

बताया जा रहा है कि यह रेस्टोरेंट स्थानीय निवासी मनीष नौटियाल का है, जिसे ऋषिकेश निवासी राजीव गुप्ता को किराए पर दिया गया था। गनीमत रही कि इन दिनों रेस्टोरेंट बंद था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। पुलिस और प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुटे हैं।