चंपावत। लोहाघाट क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घाट पुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे कार सवार दो युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहाघाट से पिथौरागढ़ की ओर जा रही कार (यूके 03 3999) घाट पुल से कुछ पहले अचानक अनियंत्रित हो गई और लगभग 100 मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। हादसे की सूचना मिलते ही बाराकोट चौकी पुलिस और लोहाघाट फायर स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे दोनों घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

बचाव दल ने घायलों को खाई से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए जिला अस्पताल लोहाघाट भेजा। तहसीलदार बृजमोहन आर्या ने बताया कि हादसे में कार चालक युवराज ओली (18) पुत्र राजकिशोर निवासी गलचौड़ा, लोहाघाट को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं कार में सवार दीपेश खर्कवाल (18) पुत्र गिरीश खर्कवाल निवासी पिथौरागढ़ को मामूली चोटें आई हैं।

चिकित्सकों के अनुसार युवराज ओली की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते उसे बेहतर उपचार के लिए एयर लिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट क्षेत्र में सड़क संकरी और घुमावदार होने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।