शंखनाद INDIA/ देहरादून

आरएसएस के सर संघचालक मोहन भागवत कुंभ में शामिल होने के लिए दो दिन के दौरे पर हरिद्वार पहुंच हैं| इस दौरे के दौरान मोहन भागवत कुंभ के कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। आज  उन्होंने हरिद्वार में सामजिक संस्थाओं द्वारा बनाए गए गंगा घाटों का लोकार्पण किया। उन्होंने हरिद्वार में अमरापुर घाट, सतनाम साक्षी घाट, भारत माता व शौर्य घाट का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने एक आश्रम का भी उद्घाटन किया।

मोहन भागवत ने दिव्य प्रेम सेवा मिशन में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया। इसके बाद स्वामी सर्वानंद घाट पर गंगा पूजन के बाद कार्यक्रम को संबोधित किया। मोहन भागवत ने कहा कि देश में कई ऐसे महापुरूष पैदा हुए जिन्होंने धर्म, संस्कृति और देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने त्याग और बलिदान से पूरी दुनिया को प्रेरणा और राह दिखाई। उन महापुरूषों ने इस देश का पूरी दुनिया में नाम रोशन किया| उन्होंने अपने ज्ञान, तप, तेज, त्याग और बलिदान से देश को विश्व गुरु बनाया। मोहन भागवत ने कहा कि हमें अपने गौरवशाली इतिहास और वीर पुरुषों को भूलना नहीं चाहिए। उनको हमेशा याद और नमन करना चाहिए।

मोहन भागवत ने कहा कि आज दुनिया भारत के जरिए राजा भगीरथ द्वारा दिखाए गए धर्म को जानने और समझने की कोशिश कर रही है। हमारे महापुरुषों ने पूरी दुनिया को सनातन धर्म की उत्कृष्टता और अलौकिकता का दर्शन कराया। आज के समय में दुनिया को इसकी आवश्यकता है। इसलिए हमारा यह कर्तव्य बनता है कि हम अपने आचरण, विचार और व्यवहार से दुनिया को सही रास्ता दिखाएं। साथ ही देश को विश्व गुरु बनाएं। अपने दो दिन के हरिद्वार के  दौरान मोहन भागवत कुंभ के कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे| साथ ही वह कुंभ नगरी में साधु-संतों से मुलाकात कर उनसे बातचीत भी करेंगे|