शंखनाद INDIA/ नई दिल्ली

देश में बढ़ रहे कोरोना मामलों को लेकर राज्य सरकारें लगातार पाबंदिया लगा रही हैं| बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए पुणे में लॉकडाउन का ऐलान किया गया है| पुणे शहर में  बार, रेस्टोरेंट और होटल को 7 दिनों तक के लिए बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं| इस दौरान सिर्फ पार्सल सेवा शुरू रहेगी। शहर के सभी धार्मिक स्थलों को भी आगामी 7 दिनों के लिए बंद रखा गया है। पुणे में चलने वाली बस सेवा को भी 7 दिनों तक बंद रखने का फैसला किया गया है। इस दौरान सभी राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रम भी बंद रहेंगे। 30 अप्रैल तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

इसके अलावा पहले से तय शादी समारोह में सिर्फ 50 लोग ही शामिल हो सकते हैं जबकि अंतिम संस्कार में 20 लोगों की अनुमति होगी। शाम 6 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू का ऐलान आगामी एक सप्ताह के लिए किया गया है। दोपहर में शहर में धारा 144 एक सप्ताह तक लागू रहेगी। 7 दिन बाद हालात का जायजा लेकर आगे फैसला लिया जाएगा। ल इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि देश में बढ़ रहे कोरोना मामलों का सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है| यहां लगातार कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी हो रही है जिस कारण सरकार की परेशानी भी लगातार बढ़ रही है| सरकार ने राज्य में कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं जिससे किसी तरह कोरोना पर रोकथाम लगाई जा सके|