उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुख्यमंत्री रामलीला मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्यमंत्री सुबह जोशियाड़ा हेलीपैड पहुंचे। यहां भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और बाबा विश्वनाथ तथा मां शक्ति की पूजा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की भी कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री रामलीला मैदान पहुंचे, जहां ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देशभक्ति गीत भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में सेवा, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जनता तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। उत्तरकाशी में आयोजित कार्यक्रम में टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह समेत भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के दौरान किसी तरह के विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई थी।
