देहरादून। प्रेमनगर के मांडूवाला क्षेत्र में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पत्नी के प्रेम संबंध की जानकारी पति को हो गई थी। इसके बाद दोनों को धमकी दिए जाने पर पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार, तीन अक्तूबर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल की खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मदन मुखिया (38), निवासी बोनगांव, सहरसा, बिहार के रूप में हुई। वह वर्तमान में मांडूवाला, झाझरा में रह रहा था। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मकान मालिक की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से ललन शर्मा (23) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने मदन की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने मीना को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ललन की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि ललन मजदूरी करता है और मदन का पड़ोसी था। पुलिस के अनुसार, पिछले दो-तीन साल से ललन और मीना के बीच प्रेम संबंध था। घटना से करीब दो दिन पहले मदन ने ललन का फोन चेक किया था। फोन में उसे मीना के साथ ललन की फोटो और वीडियो मिले। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी अन्य लोगों को देने की धमकी दी थी।

पुलिस के मुताबिक इसके बाद ललन और मीना ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत ललन उसे शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गया। वहां नशे की हालत में धारदार हथियार से मदन की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को जंगल की खाई में फेंक दिया गया और चाकू झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।